राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम: घर बैठे आरएफआईडी कार्ड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन
जयपुर,, 25 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में निशुल्क या रियायती यात्रा करने के लिए प्रारंभ किया गया आरएफआईडी कार्ड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा का प्रचलन आमजन में बढ़ रहा है। प्रदेशवासी घर बैठे ही आरएफआईडी कार्ड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं और निगम की बसों में निःशुल्क और रियायती यात्रा का लाभ उठा रहे हैं।
निगम अध्यक्ष शुभ्रा सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 56 श्रेणियों में निशुल्क या रियायती यात्रा का लाभ दिया जाता है। इसके लिए आरएफआईडी कार्ड होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि रोडवेज द्वारा 27,098 कार्ड ऑनलाइन आवेदन पर तैयार कर संबंधित व्यक्ति के निवास पर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। सिंह ने कहा कि आरएफआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया को जनवरी, 2025 से पूरी तरह से ऑनलाइन बनाए जाने पर काम किया जा रहा है।
ऑनलाइन आरएफआईडी कार्ड बनाने के लिए आरएसआरटीसी की वेबसाइट या मोबाइल के माध्यम से आरएसआरटीसी स्मार्ट कार्ड एप्लीकेशन पोर्टल पर या ईमित्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। पोस्टल शुल्क का भुगतान करने के बाद कार्ड संबंधित व्यक्ति के आवेदित स्थान (पते) पर डाक के माध्यम से भिजवाया जाता है।
—————