मंदसौर: कोर्ट के आदेश पर स्टेशन रोड पर चला नगर पालिका का बुल्डोजर

Share

मंदसौर, 5 जनवरी (हि.स.)। नगर पालिका और प्रशासन ने कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को शहर के स्टेशन रोड स्थित करीब छह अवैध दुकानों को हटाया। राजनीतिक संरक्षण के चलते कुछ लोगों ने स्टेशन रोड की सड़क पर गुमटियां और पक्की दुकान का निर्माण कर अतिक्रमण किया था। राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते कई बार शिकायत के बाद भी नगर पालिका ने अतिक्रमण नहीं हटाया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कोर्ट में जनहित याचिका लगाई फिर आज कोर्ट के आदेश पर नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाया। 8 दिसंबर 2022 को मंदसौर गौरव दिवस के अवसर पर शहर आए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने यही पर भजिये खाए थे तब भी मामला कोर्ट में विचाराधीन था।

अधिवक्ता राघवेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि स्टेशन रोड के यू-टर्न पर करीब 8-10 लोगों ने अतिक्रमण कर वहां खोखे और पक्के निर्माण कर लिए थे। इससे अभिनंदन क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इस सड़क से पटरी पार रहने वाले करीब 20 हजार लोगों का आवागमन होता है। अंधे मोड़ पर अतिक्रमण के कारण स्कूली बसों सहित रोजमर्रा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। नगर पालिका के जिम्मेदारों को कई बार शिकायत के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटा तो राग्वेंद्र सिंह तोमर सहित 13 लोगों ने कोर्ट की शरण लेते हुए 3 दिसंबर 22 को जनहित याचिका लगाई। एक साल चली सुनवाई के बाद 20 नवंबर को कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया इसमें भी नगर पालिका को दो माह का वक्त लग गया, लेकिन आखिरकार शुक्रवार दोपहर नगर पालिका का अमला जीसीबी-बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटा दिया।