–नैनी, कटरा एवं अल्लापुर जोन में कुर्की की कार्यवाही
प्रयागराज, 05 जनवरी (हि.स.)। नगर निगम द्वारा गृहकर वसूली में तेजी दिखाते हुए जोनल कार्यालय नैनी, अल्लापुर एवं कटरा में जोनल कर अधीक्षकों द्वारा कई बडे़ बकायेदारोंं के भवन पर कुर्की की कार्यवाही की गयी। निगम प्रशासन की सख्ती को देखते हुए भवन स्वामियों द्वारा आनन-फानन में बकाया धनराशि पोस्ट डेटेड चेक के माध्यम से जमा कराया गया। जिससे कुल 25 लाख रू निगम कोष में जमा कराया जा सका।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि नगर आयुक्त चन्द्र मोहन गर्ग के निर्देश पर गृहकर वसूली के सम्बन्ध द्वारा निरन्तर समीक्षा की जा रही है। समस्त राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अधिनियम के प्राविधानों के अनुसार बड़े बकायेदारों पर सख्ती पूर्वक कार्यवाही करें। सभी राजस्व निरीक्षक अपने-अपने वार्डों में नगर निगम द्वारा निर्धारित अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत द्वारा नगर निगम के वित्तीय संसाधनों में सबसे प्रमुख गृहकर की धनराशि को हर हाल में वसूलयावी सुनिश्चित कराएं।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी द्वारा कर अधीक्षकों एवं राजस्व निरीक्षकों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि लक्ष्य के सापेक्ष वसूली करने के लिए सभी राजस्व निरीक्षक किसी भी दशा में निर्धारित लक्ष्य से कम गृहकर की वसूली स्वीकार नही की जायेगी। वसूली में लापरवाही करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही होगी। शुक्रवार को वसूली के दौरान कटरा के कर अधीक्षक मोनिका रस्तोगी, अल्लापुर से कर अधीक्षक झम्मन सिंह, राजस्व निरीक्षक कमलेश पाण्डेय व अन्य कर अधीक्षकों के साथ नगर निगम की वसूली टीम मौके पर डटे रहे।