‘यूपी जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए बनारस के कांग्रेसी,लखनऊ में यात्रा का होगा समापन

Share

वाराणसी,05 जनवरी( हि.स.)। सहारनपुर जनपद से चार जनवरी को शुरू हुई कांग्रेस की ‘यूपी जोड़ा यात्रा’ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय के नेतृत्व में शुक्रवार को सीतापुर जनपद से लखनऊ जनपद की सीमा में प्रवेश की।

लखनऊ जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही वाराणसी जनपद के जिला एवं महानगर के कार्यकर्ता यात्रा में स्थानीय जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के अगुवाई में शामिल हुए। यह यात्रा शनिवार को विभिन्न मार्गों से होते हुए लखनऊ परिवर्तन चौक पर समाप्त होगी। पार्टी के स्थानीय महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने बताया कि वाराणसी के कार्यकर्ता दो दिन यात्रा में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में निकली ‘यूपी जोड़ो यात्रा’ संघर्ष का मिशाल है। भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के विरुद्ध कांग्रेस जन-जन और घर-घर जोड़ने के लिए यह यात्रा निकाल रही है। यात्रा से राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, शांति सदभाव, प्रेम भाईचारा और राष्ट्रीयता की प्रबल भावना बलवती हो रही है। वहीं प्रदेश में धर्म पंथ क्षेत्र भाषा सम्प्रदाय समुदाय एवं जाति-वर्ग गत संकीर्णताओं से ऊपर उठकर लोग जुड़ रहे है। ‘यूपी जोड़ो यात्रा’ गांव गांव गली गली निकाली गई। यात्रा प्रदेश हित में अभूतपूर्व ऐतिहासिक साहसिक एवं सम-सामयिक महा जनसम्पर्क अभियान है। यह यात्रा कांग्रेस जनों का जनता से सीधे सम्पर्क संवाद तथा प्रदेश को जानने समझने और समझाने का प्रभावशाली जीवंत व सतत् सशक्त माध्यम भी है। चौबे ने कहा कि यूपी जोड़ो यात्रा से प्रदेश में सकारात्मक रचनात्मक एवं सृजनात्मक वातावरण का निर्माण होना तय है।