पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो को लगी गोली, तीन शातिर गिरफ्तार

Share

बाराबंकी, 21 दिसंबर (हि.स.)। जनपद की नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीती बुधवार की देर रात पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए कुल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बदमाश भागने में सफल रहा। गोली लगने से घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि थाना कोतवाली नगर व जहांगीराबाद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि कुछ लोग सूत मिल फैक्ट्री के पीछे जंगल में छिपे हैं जो किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर पहुंची संयुक्त पुलिस टीम में उक्त स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देख कर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर पर गोली जा लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। घायल बदमाशों समेत मौके से पुलिस टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों में मोतीलाल पुत्र राम मनोहर भदरौली थाना कैसरगंज, नन्हे उर्फ नान्ह पुत्र मोतीलाल निवासी मझरा टोकली थाना कैसरगंज घायल हैं। जबकि तीसरा आरोपित राजित राम पुत्र प्रसादी पेशकार निवासी मझरा थाना खाना कैसरगंज हैं। तीनों आरोपित बहराइच जनपद के रहने वाले हैं।

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों का एक साथी भागने में सफल रहा। जिसकी तलाश में पुलिस की टीमों को लगाया गया है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 315 बोर के दो असलहे, दो जिंदा व तीन कारतूस खोखा व चोरी करने के हथियार समेत 40 हजार 103 रुपये नकद, 9 अदद चांदी के सिक्के, चार अदद चांदी के गिलास, एक सोने का चम्मच, चार मोबाइल तथा दो आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में पता चला की अभियुक्त नन्हे पर अन्य थानों में भी दस मुकदमे पंजीकृत हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।