हरिद्वार, 15 दिसम्बर (हि.स.)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रीराम दास कौशिक तथा पं. दुर्गा दत्त जोशी के नाम पर हरिद्वार में दो मार्गों का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण हरिद्वार नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर ने किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की यश गाथा को जीवित रखेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा 16 सम्पर्क मार्गों का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से किया गया है, जिसमें से 8 सड़कों का लोकार्पण हो गया है। शेष का भी अगले महीने तक होने की संभावना है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम दास कौशिक के पौत्र राजन कौशिक ने अपने दादा जी की तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं दुर्गा दत्त जोशी के पुत्र डॉ सुनील जोशी ने अपने पिता जी की जीवन गाथा से उपस्थित सेनानी परिवारों तथा गणमान्य नागरिकों को अवगत कराया।