30.23 करोड़ से निखरेगा नरायनपुर ब्लाक, सुधरेगी दशा

Share

11HREG354 30.23 करोड़ से निखरेगा नरायनपुर ब्लाक, सुधरेगी दशा

मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नरायनपुर ब्लाक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 30.23 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। साथ ही क्षेत्र पंचायत की ओर से कराए जाने वाले कार्य, राज्य वित्त, पंचम वित्त, एनआरएलएम के तहत रोजगार सृजन, पेंशन योजनाओं, नाली, खरंजा, सफाई आदि मुद्दों पर चर्चा की गई।

इस दौरान मनरेगा के लेबर बजट 15.02 करोड़ से होने वाले कार्यों के लिए 04 लाख 23 हजार 178 मानव दिवसों का सृजन करने का लक्ष्य निर्धारित कर इसके प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।

ब्लाक प्रमुख चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि नरायनपुर ब्लाक के सभी गांवों के विकास के लिए ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर ग्रामीण समस्याओं का समाधान किए जाने की बात कही।

बीडीओ ओमप्रकाश यादव ने प्रस्तावों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बताया कि पंचम वित्त आयोग से क्षेत्र पंचायत अंश का 135.50 लाख तथा ग्राम पंचायत अंश 420.13 लाख, केंद्रीय वित्त आयोग में क्षेत्र पंचायत अंश के 156.30 तथा ग्राम पंचायत अंश से 808.91 लाख रुपये के बजट का प्रविधान किया गया है, जिसे प्रधानों व बीडीसी सदस्यों ने एक स्वर में पारित कर दिया। बैठक का संचालन लेखाकार श्यामू यादव ने किया।