भाजपा के लिए सनातन धर्म और बाबा साहेब का संविधान सबसे ऊपरः अनुराग ठाकुर

Share

12HNAT38 भाजपा के लिए सनातन धर्म और बाबा साहेब का संविधान सबसे ऊपरः अनुराग ठाकुर

– निमाड अंचल में आदिवासी परंपरा के साथ यात्रा का जोरदार स्वागत

बड़वानी, 12 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के सहयोगी दलों के नेता सनातन धर्म को समाप्त करने की बात कर रहे हैं, लेकिन सोनिया गांधी और राहुल गांधी चुप हैं। ये चुप इसलिए हैं क्योंकि इनके लिए चुनाव महत्वपूर्ण है। लेकिन भाजपा के लिए चुनाव नहीं, सनातन धर्म और बाबा साहेब का संविधान सबसे ऊपर है। मुगल आए और अंग्रेज भी आकर चले गए, लेकिन सनातन है और रहेगा।

केंद्रीय मंत्री ठाकुर मंगलवार को बड़वानी जिले की पानसेमल विधानसभा में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा की सभा को संबोधित कर रहे थे। खंडवा से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को बड़वानी जिले की पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के निवाली से आरंभ हुई। जन आशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और केन्द्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल शामिल हुए। यात्रा के आगे-आगे बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता दो पहिया वाहनों पर सवार होकर नारे लगाते चल रहे थे।

विकास यात्रा को चलाये रखने के लिए फिर भाजपा सरकार बनाएँ

निवाली में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ जहां घमंडिया गठबंधन के लोग हिंदुत्व को अपमानित कर रहे हैं, वहीं भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें देश के सांस्कृतिक वैभव को बढ़ाने का काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की श्रद्धा व प्रयासों से उज्जैन में दिव्य महाकाल महालोक का निर्माण, ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की भव्य प्रतिमा के निर्माण जैसे अनेकों कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री प्रदेश के अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास के लिए कार्यरत हैं, सांस्कृतिक व धार्मिक विकास की इस यात्रा को अनवरत चलाये रखने के लिए मध्य प्रदेश में फिर एक बार भाजपा सरकार बनाएँ।

इस बार राहुल गांधी आएं तो पूछना किस मुंह से वोट मांगने आए

अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस की सरकार में हर रोज महिलाओं और बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। केवल महिलाओं के अपराध की बात करें तो पिछले पांच साल में 29 हजार घटनाएं हुई है। लेकिन मध्य प्रदेश ऐसा है जहां मुख्यमंत्री चौहान लाडली लक्ष्मी योजना चलाते हैं। लाडली बहना योजना चलाकर 1250 रुपये हर महीने बहनों के खाते में डालने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 2018 में मध्य प्रदेश के किसानों को वादा करके गए थे कि कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिनों के भीतर सभी किसानों का दो लाख तक का कर्ज माफ किया जाएगा और बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। लेकिन सरकार बनने के साथ ही राहुल गांधी और कमलनाथ सारे वादे भूल गये। उन्होंने उपस्थित जनता से कहा कि अबकी बार राहुल गांधी वोट मांगने आएं तो उनसे पूछना किस मुंह से वोट मांगने आए हो, क्या किसानों का कर्जा माफ किया, क्या युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया?

भाजपा सरकार की योजनाओं से गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र एवं मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के सर्वांगीण विकास और प्रदेश के विकास के लिए कृत-संकल्पित है। कांग्रेस की सरकारों में केवल भ्रष्टाचारियों का बोलबाला रहा है। जनता हमेशा मूलभूत सुविधाओं से वंचित रही। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न गरीब हितैषी योजनाओं से गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

केन्द्र और प्रदेश सरकार गरीब कल्याण के लिए काम कर रही हैः प्रहलाद पटेल

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा की सरकार किसानों के लिए लगातार योजनाएं बनाकर काम कर रही है। प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रदेश हर आम नागरिक को लाभ मिल रहा है। उन्होंने जनता से विधानसभा चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर है।

पार्टी नेताओं को भेंट किए तीर-कमान, आदिवासी पंरपरा में हुआ यात्रा का स्वागत

बडवानी जिले की विधानसभाओं में पहुंची जन आशीर्वाद यात्रा का जगह जगह आदिवासी परंपरा के साथ स्वागत हुआ। छोटे-छोटे गांवों में जनजाति बंधु परंपरागत तरीके से ढोलक की थाप और आदिवासी नृत्य के साथ यात्रा की अगवानी कर रहे थे। जगह-जगह महिलाएं यात्रा में शामिल पार्टी नेताओं की आरती उतार रही थी। निवाली में जनसभा के दौरान केन्द्रीय मंत्री ठाकुर, प्रहलाद पटेल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा को जनजाति बंधुओं ने तीर-कमान भेंट कर स्वागत सम्मान किया।