कांग्रेस से धोखाधड़ी का हिसाब लें, भाजपा को आशीर्वाद दें: फग्गनसिंह कुलस्ते

Share

12HREG281 कांग्रेस से धोखाधड़ी का हिसाब लें, भाजपा को आशीर्वाद दें: फग्गनसिंह कुलस्ते

– परसवाड़ा विधानसभा के लामता पहुंची महाकौशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा

बालाघाट, 12 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में कॉन्ग्रेस ने किसानों से दो लाख रुपये तक का कर्ज़ माफ करने का वादा किया था, लेकिन उनकी सरकार बनी तो कितनों का कर्ज़ माफ किया? 15 महीनों के लिए बनी कांग्रेस की सरकार ने आम लोगों के साथ वादाखिलाफी का पाप किया है। कांग्रेस की धोखाधड़ी का बदला आप लोगों को लेना है। 2023 और 2024 में होने वाले चुनावों में भाजपा को वोट देकर अपना आशीर्वाद भाजपा को दें, जिससे एक बार फिर भाजपा की सरकार बने और देश-प्रदेश में विकास की रफ्तार को बढ़ा सके।

केंद्रीय मंत्री कुलस्ते मंगलवार को महाकौशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद के परसवाड़ा विधानसभा के लामता पहुंचने पर आयोजित रथ सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा को प्रदेश सरकार के मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने भी संबोधित किया।

भाजपा की सरकार ने बदली तस्वीर

कुलस्ते ने कहा कि जब हम 2003 में मध्यप्रदेश में चुनाव लड़ रहे थे, तब प्रदेश में कुल सात लाख हेक्टेयर में ही सिंचाई की सुविधा उपलब्ध थी। लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद यह आंकड़ा 47 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 44 लाख परिवार ऐसे हैं, जिनको भाजपा की सरकार ने पक्के मकान देने का काम किया है। हर घर नल से जल पहुंचाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है। इसके लिए एक अलग विभाग भी बनाया गया है और योजना का काम काफी तेजी से चल रहा है।

लामता को दिलाएंगे तहसील का दर्जाः गौरीशंकर बिसेन

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि आप भाजपा को अपना आशीर्वाद दें, हम लामता को तहसील का दर्जा दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना में अभी 1250 रुपये की राशि दी गई है, लेकिन जल्द ही यह राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में जिन बहनों के नाम किसी कारण से छूट गए हैं, उन्हें भी योजना से जोड़ा जाएगा। सभा के दौरान सांसद राव उदय प्रताप सिंह एवं प्रदेश सरकार के मंत्री राम किशोर कांवरे मंचासीन रहे।

सिर पर कलश रखकर महिलाओं ने की आगवानी

महाकौशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को बालाघाट से रवाना होकर लामता पहुंची। यहां स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। स्थानीय महिलाओं ने सिर पर कलेश लेकर यात्रा की आगवानी की।