10HREG257 अपनी संस्कृति को आने वाली पीढ़ी के लिए संजोकर रखना होगा : राज्यपाल
देहरादून, 10 सितम्बर (हि.स.)। राज्यपाल ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए अपने आने वाली पीढ़ी के लिए संजोकर रखना होगा। उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति का प्रचार-प्रसार पूरे विश्व में किया जाना बेहद जरूरी है।
रविवार को हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र, गढ़ी कैंट में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने उत्तराखण्ड लोक नृत्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि यह बातें कहीं।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत लोक कला पूरे विश्व में एक अलग स्थान रखती है। हमें अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व है। पौराणिक काल से ही यहां की लोक संस्कृति लोगों को जीने की राह दिखाती है। यहां के मेले, त्योहार और यहां की परंपराएं बिल्कुल अलग हैं जो हमें अपनी जड़ों से जोड़ती हैं। उन्होंने इस आयोजन में अपनी प्रस्तुतियां देने वाले सभी कलाकारों की प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं और उनका हौसला बढ़ाया।
उत्तराखंड की लोक सांस्कृतिक पूरे विश्व में अलग है : सतपाल महाराज
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड के गौरवमयी लोक पारम्परिक एवं पौराणिक आध्यात्मिक लोक सांस्कृतिक विरासत भारत में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में अलग है। अनादि काल से उत्तराखंड की भूमि, भारतीय दर्शन, चिंतन, मनन, अध्यात्म, साधना एवं संस्कृति का केन्द्र रही है। यहां की साहित्य कला एवं संस्कृति ने वर्षों से भारतीय संस्कृति को परिष्कृत किया है।
इस मौके पर मंत्री ने संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
जौनसारी हारूल गीत ‘हनोल सेवा’ के पोस्टर का विमोचन –
राज्यपाल ने जौनसारी हारूल गीत ‘हनोल सेवा’ के पोस्टर का विमोचन किया। लोकगायक मीना राणा, अत्तर शाह, नरेश बादशाह और सुरेन्द्र वर्मा के सुरों में इस हारूल में प्रभु पंवार और मास्टर करन ने संगीत दिया है।
लोक कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुति-
सांस्कृतिक उत्सव में स्थानीय लोकगायकों एवं कलाकारों द्वारा अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। लोक कलाकारों की ओर से उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोकनृत्य पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में लोकगायक मीना राणा, अत्तर शाह, हेमा करासी आदि ने अपने गायन से समा बांध लिया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमृता रावत, विधायक सविता कपूर, सचिव संस्कृति हरीश चन्द्र सेमवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।