जींद : हरियाणा आज नशे के मामले में पंजाब से भी आगे निकला : अभय चौटाला

Share

जींद, 18 अक्टूबर । इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नही है। किसान परेशान हैं। धान की फसल सरकार द्वारा खरीदी नही जा रही है और किसान औने-पौने दामों में अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं। किसानों को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है।

इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला रविवार को इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक को निजी होटल में संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश के राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि फरवरी माह में कुरुक्षेत्र में महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पार्टी में नए पदाधिकारियों के शामिल होने के कारण सदस्यता अभियान भी शुरू किया जाएगा। अभय सिंह चौटाला ने जेजेपी को जमा झूठी पार्टी बताते हुए कहा कि उन्होंने लोगों के साथ विश्वासघात करके पार्टी स्थापित की थी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए फोटो काटने का काम किया है। ऐसे व्यक्ति को कठोर सजा मिलनी चाहिए।

अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा आज नशे के मामले में पंजाब से भी आगे निकल कर उड़ता हरियाणा बन चुका है। हरियाणा के प्रत्येक गांव में नशा अपना कहर बरपा रहा है। अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जो रुकने का नाम नहीं ले रहा। सरकार में बैठे बड़े-बड़े लोग स्वयं भ्रष्टाचार में शामिल हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार से सरकार को घेरने का काम नही कर रही है। एसी कमरों में बैठकर राजनीति कर रही है और अंदरखाने सरकार की मदद करने में लगी हुई है।

कांग्रेस की दोहरी भूमिका का खुलासा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भाजपा का साथ देने का काम किया है। 2016 में राज्यसभा चुनाव में अपनी वोटों को रद्द कर भाजपा के प्रत्याशी सुभाष चंद्र को राज्यसभा सांसद बनवाया। इसी प्रकार 2024 में नौ विधायकों के वोट क्रॉस व रद्द करवा कर भाजपा के उम्मीदवार को जिताने का असफल प्रयास किया। ऐसे में इनेलो की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। लोगों की आवाज उठाने तथा सरकार के अत्याचारों को रोकने के लिए पार्टी को आगे आना होगा।