जितना विकास भाजपा सरकार ने किया, किसी ने नहीं किया: राकेश सिंह

Share

09HREG330 जितना विकास भाजपा सरकार ने किया, किसी ने नहीं किया: राकेश सिंह

– सांसद राकेश सिंह ने सिहोरा से किया महाकोशल की जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ

जबलपुर, 9 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने कहा कि आजादी के बाद हमारे गांवों में जितना विकास भारतीय जनता पार्टी की केंद्र एवं राज्य सरकारों ने किया है, उतना विकास पहले कभी नहीं हुआ। किसी भी सरकार ने ऐसा विकास नहीं किया।

राकेश सिंह शनिवार को मझौली में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान आयोजित रथ सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और उपस्थित जनसमुदाय से भारतीय जनता पार्टी के लिए महाविजय का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की युगान्तकारी योजना लाडली बहना, केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास आदि योजनाओं का उल्लेख करते हुए सभी क्षेत्रीय जनों से आगामी चुनाव में भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने का आव्हान किया।

सिहोरा से हुआ जन अशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ

भारतीय जनता पार्टी की जबलपुर संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा चौथे दिन सिहोरा से जबलपुर सांसद एवं लोकसभा में मुख्य सचेतक राकेश सिंह के नेतृत्व में प्रारंभ हुई। उनके साथ यात्रा में पाटन मझौली विधायक अजय बिश्नोई, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, यात्रा सह प्रभारी अभिलाष पांडे, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रशांत तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष शिव पटेल, शिवनारायण पटेल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल, विनय असाटी, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यात्रा शनिवार को इंद्राणा, पनागर होते हुए पाटन पहुंचेगी, जहां पर पार्टी नेता आमसभा को संबोधित करेंगे।