08HREG351 ग्वालियर: शहर में दोपहर को बरसे मेघ
ग्वालियर, 08 सितम्बर (हि.स.)। शहर में पिछले चार दिन से बारिश का क्रम जारी है। शुक्रवार को भी दोपहर में लगभग ढाई घंटे तक धीमी गति से रिमझिम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी ग्वालियर सहित संभाग भर में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।
शुक्रवार को सुबह से दोपहर तक जहां मध्यम बादल छाए रहे वहीं हल्की धूप भी खिली रही। दोपहर लगभग 12 बजे से बादलों का घनत्व बढऩे के साथ धीमी गति से बारिश शुरू हो गई जो मध्यान्ह लगभग ढाई बजे तक जारी रही। इस दौरान शहर में महज 5.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसे मिलाकर एक जून से अब तक शहर में कुल 577.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। औसत बारिश के लिए अभी 122.3 मिलीमीटर बारिश की और जरूरत है। शहर में पूरे मानसून सीजन में औसत बारिश का आंकड़ा 700.2 मिलीमीटर है।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय मध्यप्रदेश के दक्षिण भाग में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है जबकि कोटा के आसपास से मानसून की अक्षीय रेखा गुजर रही है। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। आगामी 12 सितम्बर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक और नई मौसम प्रणाली विकसित होने की उम्मीद है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 16 सितम्बर तक बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान भी ग्वालियर एवं चंबल संभाग में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है जबकि चुनिंदा स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 89 और शाम को 88 प्रतिशत दर्ज की गई।