जबलपुरः कृषि मंत्री पटेल ने किया प्राकृतिक खेती पर लघु फिल्म का विमोचन

Share

19HREG521 जबलपुरः कृषि मंत्री पटेल ने किया प्राकृतिक खेती पर लघु फिल्म का विमोचन

– समय की मांग है प्राकृतिक खेतीः मंत्री पटेल

जबलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने शनिवार को यहाँ सर्किट हाउस में प्राकृतिक एवं एवं जैविक खेती पर एक लघु फिल्म का विमोचन किया। आत्मा परियोजना द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बनाई गई यह लघु फिल्म जिले के शहपुरा विकासखण्ड के ग्राम फुलर के कृषक ठाकुर विनय सिंह के जैविक क्षेत्र पर आधारित है। कृषक विनय सिंह ने प्राकृतिक खेती को अपनाने के साथ-साथ अपने खेत में जैविक खाद बनाने की इकाई भी स्थापित की है।

कृषि मंत्री पटेल ने इस अवसर पर खेती में रसायनिक खाद के इस्तेमाल से मानव स्वास्थ्य पर हो रहे दुष्प्रभावों को देखते हुये प्राकृतिक खेती को समय की मांग बताया। उन्होंने कृषक विनय सिंह के प्रयासों की तारीफ करते हुये विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम में प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों को प्रशिक्षित किया जाये। उन्होंने जबलपुर जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिये जाने के प्रयासों की सराहना भी की तथा ज्यादा से ज्यादा किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिये प्रेरित करने पर जोर दिया।

प्राकृतिक खेती पर लघु फिल्म के विमोचन के मौके पर संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम, कृषि विश्वविद्यालय के कुल सचिव आर एस सिसोदिया, आत्मा परियोजना संचालक डॉक्टर एस के निगम, उपसंचालक कृषि रवि आम्रवंशी, पाटन की अनुविभागीय अधिकारी कृषि डॉक्टर इंदिरा त्रिपाठी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रजनीश दुबे भी मौजूद थे।

इस अवसर पर कृषि मंत्री कमल पटेल को जबलपुर जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। कृषि अधिकारियों ने बताया कि जबलपुर जिले का फुलर गांव प्राकृतिक खेती के लिए संभाग में एक मिसाल बन गया है। यहां प्राकृतिक खेती में रूचि रखने वाले कृषकों की संगोष्ठी एवं सम्मेलन आयोजित भी आयोजित की जा रही है।