19HREG393 ग्रामराज से रामराज भाजपा का संकल्प- डा. महेंद्र सिंह
कुशीनगर,19 अगस्त(हि.स.)। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शनिवार की देर शाम को होटल रायल रेजीडेंसी में शुरू हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पूर्व जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रथम सत्र का शुभारंभ किया।
प्रथम सत्र में भारतीय जनता पार्टी के इतिहास विकास और पंचनिष्ठाओं पर विस्तार से विषय रखते हुए प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि जिला पंचायत सदस्यों का प्रशिक्षण कुशीनगर के ऐतिहासिक स्थल पर हो रहा है। दुनिया कुशीनगर आना और देखना चाहती है। भगवान बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली दिव्य और पवित्र है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह पहला मौका है जब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गांव की चिंता कर रहे हैं। पंचायतों के उत्थान की बात हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुसार ही भाजपा देश भर में पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण हो रहा। मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चल कर ग्रामोदय के माध्यम से देश का उदय करने का संकल्प लिया है। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार की उपलब्धियों को बताया और कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में चार सौ से पार का लक्ष्य लेना है। कहा कि लाठी तंत्र और जाति तंत्र को खत्म करना भी भाजपा संगठन का उद्देश्य है। भाजपा के हर कार्यकर्ता को राष्ट्र प्रथम का भाव रखना चाहिए। ग्रामराज से रामराज की स्थापना भाजपा का संकल्प हैं। कहा कि भाजपा मूल्यों की राजनीति करती है। इसीलिए आज दुनिया में भारत का तिरंगा झंडा फहरा रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं हर पंचायत प्रतिनिधि अपने पंचायत को सर्वश्रेष्ठ बनाएं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला पंचायत सदस्यों के प्रशिक्षण का उद्देश्य बताया।
मुख्य अतिथि व क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित मंचासीन अतिथि जिलाध्यक्ष डा. प्रेमचन्द मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, प्रदेश मंत्री बसन्त त्यागी, सांसद विजय कुमार दूबे, जिला प्रभारी रमेश सिंह का पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। संचालन क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी ने किया।