मेरठ में अतीक की बहन आयशा के घर कुर्की की नोटिस चस्पा

Share

19HREG132 मेरठ में अतीक की बहन आयशा के घर कुर्की की नोटिस चस्पा

मेरठ, 19 अगस्त (हि.स.)। उमेश पाल हत्याकांड में शूटरों की मदद करने में आरोपित अतीक अहमद की बहन आयशा नूरी पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। इस मामले में फरार चल रही आयशा के मेरठ स्थित घर पर प्रयागराज पुलिस ने कुर्की की नोटिस चस्पा किया।

उमेश पाल हत्याकांड में शूटरों की आर्थिक और भागने में मदद करने के मामले में अतीक अहमद की बहन आयशा नूरी फरार चल रही है। अतीक की बहन की ससुराल मेरठ में नौचंदी थाना क्षेत्र स्थित भवानीनगर में है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद फरार आरोपित गुड्डू मुस्लिम और असद ने आयशा के घर पर शरण ली थी। इसकी सीसीटीवी फुटेज वायरल हुई थी। इससे पता चला कि गुड्डू मुस्लिम लगभग 17 घंटे तक आयशा के घर रहा था और उसे आर्थिक मदद भी दी गई थी।

इसके बाद पुलिस ने अतीक के बहनाई डॉ. अखलाक को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आयशा को भी इस मामले में आरोपित बनाया गया। अतीक के बेटे असद का निकाह डॉ. अखलाक की बेटी से तय हो गया था। इसके बाद पुलिस मुठभेड़ में असद मारा गया।

शुक्रवार की देर रात प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस ने मेरठ पहुंच कर आयशा के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया। कोर्ट में पेश नहीं होने पर आयशा का मकान कुर्क किया जाएगा।