मुस्लिमों द्वारा हिन्दू देवी-देवताओं के नाम पर खोले गए ढाबे बंद हों: यशवीर महाराज

Share

21HREG118 मुस्लिमों द्वारा हिन्दू देवी-देवताओं के नाम पर खोले गए ढाबे बंद हों: यशवीर महाराज

मेरठ, 21 जुलाई (हि.स.)। मुस्लिमों द्वारा हिन्दू देवी-देवताओं के नाम पर खोले गए ढाबों को बंद कराने के लिए मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने स्वामी यशवीर महाराज भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मुस्लिम ढाबों से हिन्दू देवी-देवताओं के नाम के बोर्ड उतरवाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर लंबे आंदोलन की चेतावनी दी है।

मुजफ्फरनगर जनपद के बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने मुजफ्फरनगर से हरिद्वार तक संचालित मुस्लिम होटल संचालकों को उनके होटलों पर लगे हिंदू देवी-देवताओं के फोटो उतारने की चेतावनी दी। मुस्लिमों द्वारा हिन्दू देवी-देवताओं के नाम से अपने ढाबों और होटलों का संचालन किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान स्वामी यशवीर जी महाराज ने होटल संचालकों को बोर्ड हटाने की चेतावनी दी थी। उस समय पुलिस प्रशासन ने इन होटलों को बंद करवा दिया था। कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद ये होटल फिर से बेरोकटोक चलने लगे।

स्वामी यशवीर ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी थी। शुक्रवार को स्वामी यशवीर ने अपने समर्थकों के साथ डीएम ऑफिस के सामने भूख हड़ताल शुरू कर दी। स्वामी यशवीर ने कहा कि हिन्दू नाम और देवी-देवताओं के नाम पर मुस्लिमों द्वारा चलाए जा रहे ढाबों से ऐसे बोर्ड हटाए जाए। मुस्लिम अपने धर्म के हिसाब से होटल-ढाबों के नाम पर रखे। हाईवे से गुजरने वाले हिन्दू समाज के लोग हिन्दू देवी-देवताओं के नाम से खुले होटलों पर भोजन करते हैं। ऐसे में उनके साथ विधर्मी लोग कुछ भी खिला सकते हैं। ऐसे होटलों से हिन्दू नाम के बोर्ड हटाए जाए।

स्वामी जी ने पुलिस अधिकारी पर लगाया आरोप

स्वामी यशवीर जी महाराज ने आरोप लगाया कि गुरुवार की देर रात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने फोन पर धमकाया और गंभीर धाराएं लगाकर जेल भेजने की धमकी दी। लेकिन वह इन धमकियों से नहीं डरेंगे और होटलों से हिन्दू नाम के बोर्ड हटवा कर रहेंगे।

स्वामी यशवीर महाराज मुस्लिम समाज के लोगों की हिन्दू धर्म में घर वापसी कराते रहे हैं। इसके लिए वह विशेष घर वापसी अभियान चला रहे हैं। अब मुस्लिमों द्वारा हिन्दू नाम और देवी-देवताओं के नाम से चलाए जा रहे होटल-ढाबों के खिलाफ अभियान शुरू किया है।