18HREG407 विदिशा: सुरक्षित निकाली गई बोरवेल में गिरी ढाई साल की बच्ची
विदिशा, 18 जुलाई (हि.स.)। बोरवेल में गिरी एक ढाई साल की बच्ची को 8 घंटे चले रेस्क्यू के बाद बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया है। फिलहाल उसे एंबुलेंस से सिरोंज के अस्पताल ले जाया गया है। बच्ची को निकालने के दौरान डॉक्टर को बोरवेल के पैरेलल खोदे गड्ढे में भेजा गया था। डॉक्टर ने वहीं पर बच्ची की प्राथमिक जांच भी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर सिरोंज-कुरवाई रोड पर स्थित कजरी बरखेड़ा गांव की है। इंदर सिंह की बेटी अस्मिता सुबह 10 बजे घर के आंगन में खेल रही थी, तभी बोरवेल में गिर गई। इंदर सिंह ने बताया कि कुछ बोलने पर अंदर से बच्ची जवाब भी दे रही थी। सूचना मिलते ही बच्ची के रेस्क्यू के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीईआरएफ और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची थीं। बारिश के कारण रेस्क्यू में परेशानी भी आई, हालांकि तिरपाल ढंक कर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया।
बोरवेल की गहराई 15 फीट से ज्यादा बताई गई। जिसमें बच्ची करीब 13 फीट पर फंसी थी। जेसीबी और पोकलेन की मदद से इसके पैरेलल एक गड्डा खोदा गया। फिर सुरंग बनाकर बच्ची तक पहुंचा गया। इसके बाद उसे सुरक्षित निकाल लिया गया।
इस मामले में सिरोंज एसडीएम हर्षल चौधरी ने बताया कि बच्ची बोरवेल में 13 फीट नीचे फंसी थी। रेस्क्यू के दौरान बारिश होने लगी। जिससे बचाव कार्य में परेशानी आई।