अज्ञात महिला का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Share

खूंटी सदर थाना क्षेत्र के रेवा स्थित एकलव्य विद्यालय से करीब 200 मीटर दूर बरसाती नाले से पुलिस ने एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है।

शव की स्थिति को देखते हुए हत्या के बाद पहचान छिपाने की आशंका जताई जा रही है। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब नौ बजे पुलिस को बरसाती नाले में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि शव के पास एक खाली बोरा भी पड़ा हुआ था। आशंका है कि शव को नाले के समीप स्थित खंडहरनुमा स्थान पर छिपाने का प्रयास किया गया था, लेकिन बारिश के पानी के बहाव के कारण वह बहकर नाले में बाहर आ गया।

घटना की जानकारी सबसे पहले इलाके में मवेशी चरा रहे चरवाहों को हुई। चरवाहों ने नाले में शव देखने के बाद इसकी सूचना एकलव्य विद्यालय के एक कर्मचारी को दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की पहचान कराने के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

रविवार को शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।

महिला की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।