11HREG420 मप्रः मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ग्वालियर के कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली
भोपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 13 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू का ग्वालियर आगमन हो रहा है। उनके कार्यक्रमों की व्यवस्थाएँ उत्कृष्ट हों। मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार को अपने निवास स्थित समत्व भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रपति के ग्वालियर आगमन की व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे थे।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ग्वालियर में एच.एच. महाराजा सर जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जय विलास पैलेस जाएंगी और एबीवी-आईआईआईटीएम ग्वालियर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राष्ट्रपति के ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रमों की अच्छी ब्रांडिंग की जाए। सुरक्षा व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे। साफ-सफाई और स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाएँ उत्तम हों। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ग्वालियर और अन्य अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।