विभिन्न जनपदों के विशिष्ट प्रजातियों के आमों का लगायें स्टाल : दिनेश प्रताप सिंह

Share

11HREG513 विभिन्न जनपदों के विशिष्ट प्रजातियों के आमों का लगायें स्टाल : दिनेश प्रताप सिंह

-उद्यान मंत्री दिनेश सिंह ने आयोजित होने वाले आम महोत्सव की तैयारियों का किया निरीक्षण

लखनऊ, 11 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अवध शिल्प ग्राम में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय आम महोत्सव 2023 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम महोत्सव के दृष्टिगत लगाये जाने वाले स्टालों की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों के विशिष्ट प्रजातियों के आमों का प्रदर्शन स्टालों के माध्यम से किया जाए। उन्हांेने अधिकारियों से कहा कि आम महोत्सव के दृष्टिगत आने वाले किसानों की मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा के दृष्टिगत आम महोत्सव की तैयारी की जाए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव में आयोजित प्रदर्शनी आम लोगों के लिए खुली रहेगी। आम महोत्सव में शहर के विभिन्न स्थानों से अवध शिल्प ग्राम तक आने-जाने हेतु नगर बसें चलाई जायेंगी। आम महोत्सव में विशिष्ट व उत्कृष्ट बागवानों व निर्यातकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।

उद्यान मंत्री ने बताया कि आम महोत्सव आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की मुख्य बागवानी फसल आम की विविधता एवं समृद्धता को आम जन को सुलभ कराना है तथा फसल पर हो रहे प्रयोग, प्रजातीय विकास तथा आम का चहुंमुखी विकास किया जाना है। अवध शिल्प ग्राम में 14 से 16 जुलाई तक “उ0प्र0 आम महोत्सव-2023‘ आयोजित किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय महोत्सव में बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण की गोष्ठी का भी आयोजन किया जायेगा। जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आम महोत्सव के आयोजन से आम की विभिन्न किस्मों को प्रजातीय संरक्षण मिलेगा तथा आम के बागवानों में उन्नत एंव रंगीन किस्मों के प्रति रूझान बढ़ाने तथा गुणवत्तायुक्त उत्पादन तकनीकी हस्तान्तरण को बढ़ावा मिलेगा।