09HREG3 खरगोनः मेहरजा पहाड़ी पर आज रोपे जाएंगे 10 हजार पौध
खरगोन, 9 जुलाई (हि.स.)। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा के निर्देशन में आज (रविवार को) शहर के नजदीक मेहरजा स्थित पहाड़ी पर एक साथ एक दिन में 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इस पहाड़ी पर पौधारोपण एक व्यवस्थित योजना के तहत किया का रहा है।
कलेक्टर वर्मा ने बताया कि योजनानुसार यहां एक-एक हिस्से में रूपरेखा के अनुसार गार्डन विकसित किये जाएंगे। जैसे किसी एक हिस्से में बादाम का गार्डन, किसी हिस्से में नारियल तो कहीं गुलाबों का गार्डन होगा। साथ ही वनीय पौधों के अलावा हर्बल गार्डन भी विकसित करने की योजना है। इस पौधारोपण में न सिर्फ प्रशासन के अधिकारी योगदान देंगे, बल्कि शहर के नागरिक भी अपनी इच्छा से पौधारोपण के लिए आ सकते हैं। बोहरा समाज द्वारा स्वीकृति भी दी गई है। एनएसएस, एनसीसी के अलावा सभी जनपदों के सीईओ भी इस योजना में योगदान देंगे।
प्रशासनिक अमला सफेद टीशर्ट में होंगे मौजूद
कलेक्टर ने जिला प्रशासन के सभी विभागों के अमले को पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रशासनिक अमला सफेद टीशर्ट में पौधरोपण में शामिल होगा। एक व्यवस्थित रूपरेखा पर ही पौधरोपण सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर ने किया आव्हान
कलेक्टर वर्मा ने शहरवासियों से आव्हान करते हुए कहा कि शहर में और आसपास भी ऐसा कोई स्थल नहीं है, इसलिए जिस स्थल को चुना गया है, वह बहुत रमणीय हो सकता है। जरूरत है एक दूसरे का हाथ बंटाने की। प्रशासन अपने स्तर से शुरुआत कर चुका है। अब इसमें जनसहभागिता की आवश्यकता है।
गड्ढे और पौधे तैयार हैं
निधिवन विकसित करने का जिम्मा संभाल रही जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा ने कहा कि इस्कान मंदिर के पास स्थित पहाड़ी पर पौधरोपण के लिए गड्ढे और पौधे तैयार हो गए हैं। रविवार सुबह 9 बजे तक वालिंटियर पहुंच जाएंगे। इसके बाद जो भी व्यक्ति पौधरोपण में शामिल होना चाहता है, उनको मार्गदर्शन किया जाएगा। सभी को सुविधाजनक रूप से पौधा और स्थल उपलब्ध होगा।