भाजपा ने देश को सम्मान दिया तो वहीं कांग्रेस ने परिवारवाद: सांसद कठेरिया

Share

18HREG240 भाजपा ने देश को सम्मान दिया तो वहीं कांग्रेस ने परिवारवाद: सांसद कठेरिया

राजगढ़,18 जून (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने वंशवाद, परिवारवाद पर चलते हुए देश में भ्रष्टाचार फैलाया, कांग्रेस पार्टी की यही रीति-नीति उसके पतन का कारण बना है, जबकि भाजपा ने देश का मान- सम्मान बढ़ाया है। देश के मान-सम्मान के लिए कांग्रेस को पनपने नही देना है।

यह बात रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर महाजनसंपर्क अभियान के तहत खिलचीपुर विधानसभा के ब्यावराकलां में लोकसभा स्तरीय महारैली एवं महासम्मेलन में भाजपा के इटावा से सांसद प्रदेश के सहप्रभारी रामशंकर कठेरिया ने कही। उन्होंने कहा कि देश को मान-सम्मान देने का काम भाजपा ने किया है, भाजपा ने कभी परिवारवाद नहीं किया। वहीं कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। उन्होने कांग्रेस को पनपने नहीं देने की बात कहते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर सत्ता में आती है।

सांसद कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने ऐसे ऐतिहासिक कार्य किए है, जिसकी कोई कल्पना भी नही कर सकता था। उन्होंने कहा कि अभी और भी कई महत्वपूर्ण कार्य हैं, जिन्हें पूरा करना है, इसके लिए भाजपा का सत्ता में आना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार ने गरीब, मजदूर, किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए है, जिनमें गरीबों को पक्का मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की, जिनका लाभ आमजन को मिल रहा है। भाजपा द्वारा देश हित में किए गए कार्यों से दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ा है, देश की जनता आज गौरान्वित महसूस कर रही है। आमजन भाजपा से बड़ी उम्मीद लगाए हुए है, यही वजह है कि भाजपा के प्रति आमजन का अटूट विश्वास,लगाव बन गया है।

इस मौके पर सुरेश आर्य, जिला भाजपाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, जिलाप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, विधायक कुंवर कोठार, पूर्वविधायक रघुनंदन शर्मा, अमरसिंह यादव, पं हरिचरण तिवारी, हजारीलाल दांगी, पूरसिंह पंवार सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।