15HNAT46 प्रधानमंत्री मोदी का हर पल देश को महाशक्ति बनाने को समर्पित: मुरलीधर राव
– भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों को याद आ रहे हैं हनुमान जी : भाजपा प्रदेश प्रभारी
दमोह, 15 जून (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21वीं सदी भारत की सदी है। पहले बिचौलिये लाभार्थियों का पैसा खा जाते थे और योजनाओं का पूरा पैसा उनके पास तक नहीं पहुंचता था। आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म कर दिया गया है। देश की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हुई हैं और आतंकवाद पर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की जाती है। देश में नक्सलवाद और अलगाववाद की समस्या पर नकेल कसी गई है।
मुरलीधर राव गुरुवार को दमोह के श्याम नगर क्लब हाउस में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज चुनाव आया तो इन्हें भगवान याद आने लगे हैं। कांग्रेस के लोग अब हनुमान जी की भक्ति करने लगे हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाया था और उन्हें काल्पनिक बताया था। अब इन्हें हनुमान जी याद आ रहे हैं, नर्मदा मैया याद आ रही हैं। भाजपा की कथनी और करनी में फर्क नहीं है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा ने जो कहा है, वही किया भी है। इस बार चुनाव में हम 200 पार का लक्ष्य हासिल करेंगे और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे।
मोदी सरकार ने असंभव को संभव कर दिखाया
राव ने कहा कि बीते नौ साल में भारत ने गुलामी की बेड़ियां तोड़ी हैं। अनुच्छेद 370 और ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हो चुकी है। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण होना एक समय पर असंभव लगता था लेकिन अब भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। काशी में विश्वनाथ कोरिडोर बना, उज्जैन में बाबा महाकाल लोक का निर्माण हुआ। विश्व योग दिवस को सारी दुनिया में मनाया जाता है जिससे स्पष्ट है कि भारतीय संस्कृति को संपूर्ण विश्व में स्वीकार किया जा रहा है। ये ऐसे काम हैं, जो केवल और केवल भाजपा की सरकार में ही संभव हो सकते हैं।
गरीबों, वंचितों की सेवा करने वाला देश बना भारत
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में भारत गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला देश बना है, नारी शक्ति को संबल देने वाला देश बना है, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला देश बना है, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला देश बना है, सबके लिए सहज उत्तम सेवाओं वाला भारत बना है तथा निरंतर विकास करने वाला देश बना है। आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है।
भाजपा का मतलब विकास
मुरलीधर राव ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा के आने के बाद से ही सिंचाई का रकबा बढ़ा। बिजली की समस्या मध्यप्रदेश में समाप्त हुई। पीने के पानी की समस्या मध्य प्रदेश में समाप्त हुई। आज हमारे मध्य प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी है। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। दमोह लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास बने, आयुष्मान कार्ड बने, साथ ही साथ पासपोर्ट सेवा केंद्र दमोह में स्थापित हुआ। दमोह रेलवे स्टेशन का भी विकास हो रहा है। केंद्रीय विद्यालय तथा नई ट्रेनों की सुविधा भी दमोह में उपलब्ध हो रही है। यहां की पेयजल व्यवस्था भी पहले से सुदृढ़ हुई है।
राहुल, प्रियंका बताएं कितनी बार मध्य प्रदेश आए?
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस केवल एक फेक न्यूज की फैक्टरी है। झूठ बोलती है, गुमराह करती है और केवल और केवल फेक न्यूज़ परोसती है। उनके नेता टूरिस्ट की तरह आते हैं और चले जाते हैं। वे मौसमी पक्षियों की तरह आते हैं। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कमलनाथ से यह पूछना चाहता हूं कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश में कितनी बार प्रवास पर आए? प्रियंका कितने बार प्रवास पर आईं? कमलनाथ मध्य प्रदेश के कितने जिलों में प्रवास पर गए? दूसरी तरफ भाजपा के नेता लगातार जनता के बीच में काम कर रहे हैं और जनता के बीच में प्रवास करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी मध्य प्रदेश आ रहे हैं तथा वे लगातार देश के अन्य राज्यों में भी प्रवास पर जाते हैं।
विशिष्ट जनों, योजनाओं के लाभार्थियों से करेंगे संपर्क
राव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार का नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसम्पर्क अभियान चला रही है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के एक हजार से अधिक विशिष्ट परिवारों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। इसके साथ ही लोकसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर अलग- अलग कार्यक्रम भी होंगे।