मध्य प्रदेश के जबलपुर-रीवा-शहडोल में कल से 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी, आज शिवपुरी-श्योपुर में अलर्ट

Share

भोपाल, 13 अगस्त । मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में अच्छी बारिश कराने के बाद मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम अब पूर्वी हिस्से की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में तीन दिन तक भारी बारिश का दौर रहने का अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले गुरुवार को शिवपुरी और श्योपुर में तेज बारिश की चेतावनी है। इन दोनों जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में खरगोन में प्रदेश में सबसे ज्यादा 8.1 इंच बारिश दर्ज की गई। खंडवा में 5.5 इंच और गुना में 4.6 इंच पानी गिरा। राजधानी भोपाल में 70.6 मिमी यानी 2.8 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। धार, राजगढ़, शिवपुरी, दतिया, उज्जैन, सीधी और इंदौर समेत प्रदेश के आधे से अधिक हिस्सों में भी तेज बारिश हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिणी हिस्से से एक ट्रफ गुजर रही है। इन सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में पिछले 48 घंटे से बारिश का दौर जारी है और गुरुवार को भी इसका असर बना रहेगा। आने वाले दिनों में एक और लो प्रेशर एरिया सक्रिय होने वाला है। इसका ज्यादा प्रभाव मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में दिखाई देगा। इसी के चलते शुक्रवार से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आने वाले जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अब तक 19% तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में औसत से 5% से 52% तक कम पानी गिरा है।

वहीं पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में औसत से 4% से 46% तक कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के सिर्फ 12 जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। इनमें भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन शामिल हैं।