08HREG407 प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया का सपना हो रहा साकार : मेनका गांधी
सुलतानपुर, 08 जून(हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी गुरुवार को रामबरन पीजी कॉलेज बिभारपुर जयसिंहपुर में लैपटॉप वितरण एवं भारत सरकार के नौ वर्ष की उपलब्धियों पर संवाद कार्यक्रम में शामिल हुई।
श्रीमती गांधी ने 208 विद्यार्थियों को टेबलेट का वितरण किया। उन्होंने कहा यह टेबलेट आपकी जिंदगी के साथ पूरी दुनिया को बदल देगा। यह तकनीक से जोड़ने की दिशा में सरकार की बड़ी पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए अपने 4 सालों के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड व हिसाब-किताब रखा। उन्होंने कहा कि आपकों एक ऐसी सांसद मिलीं जो क्षेत्र के विकास और लोगों की खुशहाली के लिए हमेशा तत्पर रहती हैं। उन्होंने कहाकि मैंने आपकी मां के रूप में संसदीय क्षेत्र को संवारने और सजाने का काम किया है। उन्होंने कहा सरकार की योजना का लाभ समाज के गरीब तबके तक पहुंच रहा है।
विद्यालय के प्रबंधक अजय सिंह ने सांसद मेनका संजय गांधी को स्मृति चिन्ह दिया और उनका आभार प्रकट किया। टेबलेट पाने के बाद विद्यार्थियों में खुशी का ठिकाना नहीं था। इसके बाद श्रीमती गांधी डोमापारा के ग्राम प्रधान रौनक सिंह के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुई। यहां पर उन्होंने बच्चे को गोद में लेकर प्यार किया।
इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संतबख्श सिंह चुन्नू, ब्लॉक प्रमुख प्रात्येश सिंह बंटी, राहुल शुक्ला, चन्द्र प्रताप सिंह, शिव कुमार सिंह, संजय सिंह लोग मौजूद रहे।