11HREG139 दिन दहाड़े लूट से लोगों में अफरा-तफरी, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। हथियारबंद बदमाशों ने स्कूल संचालक के घर में घुसकर महिलाओं को बंधक बनाकर लाखों के जेवरात और नकदी लूट ली। शोर सुनकर बदमाश मौके से फरार हो गये। सूचना मिलते ही एसपी सिटी सरिता डोभाल, नेहरू कालोनी थाना प्रभारी लोकेन्द्र बहुगुणा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चला दिया है।
नेहरू कालोनी थाना क्षेत्रान्तर्गत सी ब्लाक निवासी एमडीडीए से सेवानिवृत्त पीके अग्रवाल का पुत्र क्षेत्र में ही सेंट एनी पब्लिक स्कूल चलाता है। मंगलवार दोपहर सवा बारह बजे पीके अग्रवाल की पत्नी सुनीता और पुत्री रश्मि घर के आंगन में बैठी थी जबकि पीके अग्रवाल तबीयत ठीक न होने के कारण कमरे में लेटे हुए थे। इसी दौरान चार बदमाश घर में घुस गये। बदमाशों में से एक के हाथ में तमंचा और तीन के हाथों में चाकू थे।
बदमाशों ने घर में घुसते ही सुनीता और रश्मि को हथियारों के दम पर धमकाया और घर में जो कुछ भी है उसको देने की चेतावनी दी। इसके बाद सुनीता अग्रवाल ने अपने कान के कुंडल, चार कंगन, टाप्स बदमाशों को उतार कर दे दिये और रश्मि ने भी अपने पहने हुए गहने बदमाशों को दे दिये। इस दौरान बदमाशों ने सुनीता अग्रवाल से दो हजार रुपये नगद और रश्मि से दस हजार रुपये नकद भी छीन लिये।
पीके अग्रवाल की पुत्रवधू ऊपरी मंजिल में किसी से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसने जब घर में आवाजें सुनीं तो उसने अपने आपको बचाते हुए अपने को एक कमरे में बंद कर लिया और फोन से स्कूल के कर्मचारियों और अपने पति संदीप को घर में हो रही घटना की जानकारी दी। घर के बाहर हलचल सुनकर बदमाश वहां से भाग गये। इसके बाद संदीप अग्रवाल ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
दिनदहाडे हुई लूट की घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी/एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, एसपी सिटी सरिता डोभाल, नेहरू कालोनी थाना प्रभारी लोकेन्द्र बहुगुणा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बदमाश सम्भवत: दुपयिा वाहन से मौके से भागे हैं। उन्होंने बताया कि बदमाशों में एक बदमाश लंगड़ाकर चल रहा था। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में सघन अभियान चलाया रही है।