06HREG415 चार असलहा तस्कर गिरफ्तार,अवैध असलहा बरामद
हिमाचल प्रदेश और बिहार से असलहा लाकर झांसी में करते थे तस्करी
झांसी, 06 अप्रैल (हि.स.)। बीते दिनों जनपद में हुई लूट, डकैती और चोरी की घटनाओं को लेकर सभी थाना पुलिस एक्शन मोड पर चल रही। वहीं सीपरी बाजार पुलिस ने सक्रियता के चलते चार असलहा तस्करों को दबोच उनके पास से दो फैक्ट्री मेड बंदूकें व दो तमंचे बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। बताया गया कि तस्कर हिमाचल प्रदेश व बिहार से असलहे लाकर झांसी में सप्लाई करते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस. के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीपरी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला, चमनगंज चौकी प्रभारी शिवशंकर प्रताप तिवारी व ग्वालियर रोड चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश दुबे के साथ रात्रि गश्त पर थे, तभी ग्वालियर-रक्सा रोड पर दो संदिग्ध बाइक सवारों की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दोनों बाइक सवारों को दबोचकर तलाशी ली तो बैग में दो अधबनी बंदूकें, दो तमंचे 315 बोर व सात कारतूस बरामद हुए। बंदूकों पर हिमाचल प्रदेश व तमंचों पर मुंगेर बिहार की मुहर लगी पाई गई। पकड़े गए युवकों ने अपने नाम मानवेन्द्र यादव, रामपाल, शिवम ठाकुर व वीकेश यादव निवासी सिमराहा थाना सीपरी बाजार बताये। पुलिस पकड़े गए तस्करों से झांसी में असलहा खरीदने वालों के बारे में पूछताछ कर रही है। साथ ही चारों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्यवाही कर दी।