हरिद्वार: गंगा स्नान को आ रहे यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, 7 घायल

Share

02HREG81 हरिद्वार: गंगा स्नान को आ रहे यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, 7 घायल

हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार गंगा स्नान करने दिल्ली से आ रहे आठ यात्रियों की कार रुड़की के मंगलौर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज रुड़की के सिविल अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली के थाना सब्जी मंडी के कबीर बस्ती मलकगंज निवासी 8 लोग कार में सवार होकर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार की ओर निकले थे। उनकी कार रुड़की के मंगलौर के पास पहुंची थी, तभी उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सीधे हाइवे पर बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। कार हादसे की सूचना पर मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को 108 के माध्यम से रुड़की के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने तरुण उम्र 24 वर्ष पुत्र गुलशन शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं विपिन, विनय, लक्ष्य और लक्की की हालत गंभीर है, जिन्हें एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा गगन, पुनीत और हिमांशु का उपचार रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है।