26HREG421 भागवत में शामिल होने आई साध्वी निरंजन ज्योति ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
औरैया, 26 मार्च (हि.स.)। शहर के आर्य नगर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति पहुंची, जहां उन्होंने समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में इमरजेंसी लगाई गई थी, जिसके दुष्परिणाम आज तक हम लोग भोग रहे हैं। वहीं उन्होंने समाजवादी पार्टी के गुंडाराज पर भी सवाल उठाए हैं।
आर्य नगर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में पहुंची केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राहुल गांधी ने वर्ष 2019 में जो बयान दिया था, जिसमें उन्होंने चोर शब्द का संबोधन किया था उसकी सजा उन्हें कोर्ट द्वारा मिल गई है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से बड़ा कुछ भी नहीं है। कहा कि यदि वह न्यायालय में माफी मांग लेते तो शायद आज उन्हें यह दिन न देखना पड़ता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को शायद यह नहीं पता कि उनकी दादी का कार्यकाल कैसा था। जब उन्होंने इमरजेंसी लगाई थी तब कांग्रेस सरकार ने राह चलते लोगों को भी जेल में भेज दिया था। कहा कि शायद कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को यह नहीं पता कि न्यायालय से बड़ा कोई भी नहीं है यदि वह न्यायालय में माफी मांग लेते तो शायद आज यह नहीं होता।
वहीं उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि अतीक अहमद को लाने गई गाड़ी के बारे में उन्होंने जो बयान दिया है, वह उनकी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपना कार्यकाल देखें कि उसमें महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। रात में महिलाओं को निकलने में परेशानी होती थी। मगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार में महिलाएं पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के माता-पिता तक को नहीं छोड़ा। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण बात क्या हो सकती है। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।