चित्रकूट के मंदाकिनी के रामघाट पर होगा भव्य श्री राम प्राकट्योत्सव का आयोजन

Share

26HREG448 चित्रकूट के मंदाकिनी के रामघाट पर होगा भव्य श्री राम प्राकट्योत्सव का आयोजन

-कार्यक्रम संयोजक डॉ गोपाल मिश्र आयोजन को भव्यता देने में जुटे

चित्रकूट, 26 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन चित्रकूट के सहयोग से अयोध्या शोध संस्थान, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा चैत्र शुक्ल रामनवमी 30 मार्च को राम घाट स्थित श्री दिगंबर अखाड़ा, भरत मंदिर में भगवान राम का प्राकट्योत्सव भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक डॉ गोपाल कुमार मिश्र ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा चित्रकूट में आयोजित यह कार्यक्रम भगवान श्री राम का चित्रकूट वासियों से अन्योन्याश्रित संबंध को स्पष्ट करता है। भगवान श्रीराम का प्राकट्य उत्सव न केवल भारत अपितु पूरे विश्व में मनाया जाता है, किंतु सरकार द्वारा ऐसी पहल किया जाना भारतीय संस्कृति के प्रति संस्कृति मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश सरकार की सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रदर्शित करता है। भगवान राम अयोध्या के राजा बनने से पूर्व चित्रकूट वासियों के मध्य रहकर ही जन-जन के राम बने और इसी कारण यह उत्सव चित्रकूट में अधिक सार्थक स्वरूप में मनाया जाना चाहिए। जन-जन के राम के लिए चित्रकूट के प्रत्येक जन को उत्साह और उल्लास के साथ यह पर्व मनाना चाहिए। इस महोत्सव में प्रातः 10 बजे से श्री रामचरितमानस से भगवान के जन्म प्रसंग का संगीतमय पाठ होगा, तत्पश्चात 12 बजे जन्म के समय जन्मोत्सव और जन्म के पश्चात बधाई, सोहर इत्यादि गीतों का सांगीतिक मंचन स्थानीय प्रतिष्ठित कलाकारों के द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम दिगंबर अखाड़ा, भरत मंदिर, रामघाट चित्रकूट के श्री महंत दिव्यजीवन दास जी महाराज के पावन सानिध्य में बड़े ही हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया है। जिसमें जिला प्रशासन चित्रकूट अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। स्थानीय कलाकारों का मंचन एवं श्री रामचरितमानस का पाठ कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करेंगे। इसी के साथ दोपहर 3 बजे श्री दिव्यजीवन दास जी महाराज के नेतृत्व में एक शोभायात्रा भी निकाली जाएगी जो भगवान के जन्म के पश्चात लोगों को भक्ति भाव में अवगाहन कराएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालु अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर चित्रकूट का गौरव बढ़ाने की अपील की है। साथ ही बताया कि श्री राम प्राकट्य पर्व पर चित्रकूट गौरव दिवस मना रहा है। जिसमें पूरे चित्रकूट में 11 लाख दीपों को प्रज्वलित कर एक अद्भुत दीपोत्सव मनाया जाना है। सतना प्रशासन द्वारा 6 लाख दीप एवं चित्रकूट जिला प्रशासन द्वारा 5 लाख दीप प्रज्वलित किए जाने हैं। जिला प्रशासन ने यह अनुरोध भी किया है कि भगवान राम के जन्मोत्सव पर कम से कम 11 दीप अपने घरों पर जला कर मंगल कामना करें एवं चित्रकूट के गौरव दिवस को सफल बनाएं।