16HREG477 मेरठ में विद्युतकर्मियों की 72 घंटे की हड़ताल शुरू
मेरठ, 16 मार्च (हि.स.)। अपनी मांगों को लेकर विद्युतकर्मियों ने 72 घंटे की हड़ताल गुरुवार से शुरू कर दी। इस हड़ताल के कारण विभागीय कार्य ठप हो गए। कैश काउंटर बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तीन दिसम्बर 2022 को लखनऊ में ऊर्जा मंत्री के साथ हुए समझौते को लागू कराने की मांग को लेकर विद्युतकर्मियों ने गुरुवार से 72 घंटे की हड़ताल का ऐलान किया। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से विभागीय कार्य ठप हो गए। कैश काउंटर बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर मेरठ में विद्युत कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियरों समेत तमाम कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। विद्युत कर्मचारियों का कहना है कि समझौता वार्ता के बाद भी उनकी मांगें पूरी नहीं की गई। सरकार को चेताने के लिए वे हड़ताल पर जा रहे हैं। मेरठ में पीवीवीएनएल मुख्यालय पर विद्युत कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया।