16HREG476 कानपुर में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री और पत्नी ने खाया जहर, विधानसभा अध्यक्ष हालचाल लेने पहुंचे
कानपुर,16 मार्च (हि.स.)। पारिवारिक कलह से पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री और पत्नी ने गुरुवार देर शाम को जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को परिवार ने एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी होने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना दोनों का हालचाल लेने के लिए अस्पताल पहुंचे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गुरूविंदर सिंह उर्फ विक्की छाबड़ा भाजपा नेता और पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे हैं। परिवारिक कलह के चलते उन्होंने और उनकी पत्नी ने देर शाम को जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग आनन-फानन में दम्पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
उनका हालचाल लेने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सहित कई भाजपा के वरिष्ठ नेता पहुंचे। अस्पताल के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी हुई है। दोनों के स्वास्थ्य के बारे में अभी तक अस्पताल प्रबंधन ने कोई बुलेटिन जारी नहीं किया है तो वहीं पुलिस भी इस संबंध में सही जानकारी नहीं दे पा रही है। अभी तक यही कहा जा रहा है कि पारिवारिक कारणों से दोनों ने जहरीला पदार्थ खाया है।