राजगढ़ः रंगों की बौछार के बीच निकली विशाल गेर

Share

12HREG231 राजगढ़ः रंगों की बौछार के बीच निकली विशाल गेर

राजगढ़, 12 मार्च (हि.स.)। रंगपंचमी पर्व पर रविवार को हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में जिले के ब्यावरा, सारंगपुर, सुठालिया सहित अन्य तहसीलों में पारंपरिक विशाल गेर निकाली गई, जिसमें शामिल लोगों पर दमकल वाहन के द्वारा रंगों की बौछारें की गई।

ब्यावरा शहर में परंपरानुसार गेर मातामंड स्थित शीतलामाता मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई, जो शहर के सुठालिया रोड़, मेन मार्केट, जगात चौक, इंदौर नाका, पीपल चौराहा से होकर पुराना एबी रोड़ स्थित चिंताहरण हनुमान मंदिर पर पहुंची, जहां महाआरती के साथ समापन किया गया। विशाल गेर का जगह-जगह सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक संगठनों के द्वारा पुष्पवर्षा कर सत्कार किया गया। विशाल गेर में लोगों ने प्रेम और सद्भावना के साथ एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाया और गले मिलकर रंगपंचमी की शुभकामनाएं दी। गेर में शामिल लोगों ने डीजे की धुन पर जमकर उत्सव मनाया। सुरक्षा की दृष्टि से शहर में जगह-जगह पुलिसबल तैनात रहा। समिति अध्यक्ष प्रिंस छाबड़ा ने हर्ष और उल्लास के साथ पूर्ण मर्यादित व शांतिपूर्ण तरीके से निकाली गई विशाल गेर में शामिल लोगों का आभार माना।