ग्वालियरः ग्राम पंचायत पुरा बनवार की सरपंच नीतू परिहार को मिला राष्ट्रीय स्तर का सम्मान

Share

04HREG318 ग्वालियरः ग्राम पंचायत पुरा बनवार की सरपंच नीतू परिहार को मिला राष्ट्रीय स्तर का सम्मान

– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में केन्द्रीय मंत्रिगणों ने किया “स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान-2023” से अलंकृत

ग्वालियर, 4 मार्च (हि.स.)। जिले की ग्राम पंचायत पुरा बनवार ने ग्वालियर जिला ही नहीं सम्पूर्ण मध्यप्रदेश का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को देश की राजधानी नईदिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित हुए गरिमामयी कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पुरा बनवार की सरपंच नीतू परिहार को स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी ग्राम पंचायत में अनुकरणीय कार्य कराने के लिये “स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान-2023” से अलंकृत किया गया। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री जल शक्ति मंत्रालय प्रहलाद पटेल ने सरपंच नीतू परिहार को यह सम्मान प्रदान किया।

जिला पंचायत ग्वालियर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी एवं जनपद पंचायत की टीम, पाँच महिला प्रतिभागी भी ग्राम पंचायत पुरा बनवार के सरपंच के साथ सम्मान प्राप्त करने के लिये नई दिल्ली पहुँचे थे।

ग्वालियर जिले की जनपद पंचायत भितरवार की ग्राम पंचायत पुरा बनवार की सरपंच नीतू परिहार को यह सम्मान स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत अपनी पंचायत को ओडीएफ प्लस ग्राम बनाने के लिये मिला है। ग्राम पंचायत पुरा बनवार को गत फरवरी माह के दौरान आईएसओ अवार्ड भी मिल चुका है। ग्राम पंचायत के सभी दस्तावेज का डिजिटाइजेशन हो चुका है, जिससे ग्रामीणों को तत्परता से योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

ग्राम पंचायत पुरा बनवार में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर की तर्ज पर सूखे एवं गीले कचरे का प्रबंधन ग्राम पंचायत स्तर पर किया गया है। जिसके तहत घर-घर से कचरा संग्रहण कर गाँव से दूर पहुँचाने के साथ-साथ गीले कचरे के निपटान के लिये 15 से अधिक नाडेप कम्पोस्ट पिट बनवाए गए हैं, जिससे गुणवत्तायुक्त जैविक खाद पैदा हो रही है। घरों से निकलने वाले गंदे पानी से गलियों में कीचड़ न हो, इसके लिये 15वे वित्त आयोग के सहयोग से लगभग 2300 मीटर नाली का निर्माण ग्राम पंचायत ने कराया है। साथ ही 10 सामुदायिक सोक पिट भी बनवाए हैं।