इस वजह से पहले ही हफ्ते में फ्लॉप साबित हो रही है हिंडन हवाई सेवा - सरस जनवाद

इस वजह से पहले ही हफ्ते में फ्लॉप साबित हो रही है हिंडन हवाई सेवा

Share

गाज़ियाबाद। गाजियाबाद के हिण्डन हवाई अड्डे से पिथौरागढ़ के लिए फ्लाइट मंगलवार को भी रद्द रही। सोमवार को तकनीकी खराबी के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। मंगलवार को भी फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी की मरम्मत नहीं हो सकी। इसके चलते यात्रियों को मैसेज भेजकर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दी गई। यात्रियों को एक बार फिर परेशानी झेलनी पड़ी।

आपको बता दें कि बुधवार को भी पिथौरागढ़ से आने वाली फ्लाइट रद्द रहने की संभावना है। मरम्मत कार्य पूरा होने पर हिंडन से विमान यात्रियों को लेकर पिथाैरागढ़ रवाना होगा। मालूम हो कि 11 अक्टूबर से ही हिंडन से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान शुरू की गई है। नौ सीटर विमान यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ के लिए रवाना होता है।

साेमवार को पिथौरागढ़ से यात्रियों को लाने के बाद रनवे पर विमान का पहिया जाम हो गया। साथ ही ब्रेक सिस्टम में भी दिक्कत आ गई। सोमवार शाम से तकनीकी टीम ने इसकी मरम्मत शुरू की। देर रात तक मरम्मत नहीं हो सकी तो मंगलवार सुबह फ्लाइट को रद्द करने की घोषणा की गई। मंगलवार सुबह ही यात्रियों को मैसेज भेजकर तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी भेजी गई।

मंगलवार देर रात तक विमान की मरम्मत जारी रही। बुधवार को उड़ सकता है विमान: विमान संचालक कंपनी हेरिटेज एविएशन के एयरपोर्ट मैनेजर सतेंद्र कुमार ने बताया कि विमान की मरम्मत जारी है। बुधवार दोपहर तक खराबी पूरी तरह ठीक हो जाती है तो विमान को दोपहर को पिथौरागढ़ के लिए रवाना किया जाएगा। उधर, एयरपोर्ट कंपनी के अधिकारियों के अनुसार पिथाैरागढ़ के लिए आने वाली फ्लाइट बुधवार को भी रद्द रहने के आसार हैं। विमान हिंडन से दोपहर को यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ के लिए रवाना होगा।