30HREG114 जिलाधिकारी की जनसुनवाई में प्राप्त हुई 79 शिकायतें
देहरादून, 30 जनवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनसुनवाई की। इसमें 79 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इन शिकायतों में अधिकांश शिकायतें भूमि संबंधित मामलों से थी जबकि पेंशन, सड़क, आपदा, कोविड के दौरान राशन का भुगतान, शस्त्र लाइसेंस, गुमशुदा की तलाश करवाने, रास्ते पर गैराज बनाने, खोए हुए फोन को वापस दिलाने, जल जीवन मिशन के कार्यों की जांच कराने आदि शिकायतें थीं।
आज हुई जनसुनवाई में धर्मपुर निवासी परीक्षा ने भूमि पर कब्जा दिलाए जाने पर जिलाधिकारी सोनिका का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि उनके परिजनों द्वारा भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। इस पर न्यायालय के आदेश के उपरान्त भी परिजन कब्जा नहीं दे रहे थे। जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने कार्रवाई के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन ने उन्हें उनकी भूमि पर कब्जा दिलाया।
सेन्ट्रल होप टाउन में भूमि के सीमाकंन पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन की कोर्ट से जांच होने तक स्टे के क्रम में शीघ्र जांच कराने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी विकासनगर को आवश्यक निर्देश दिए। रास्ते पर गैराज बनाने की शिकायत पर नगर मजिस्ट्रेट एवं एमडीडीए के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। ऋषिकेश क्षेत्र में वर्ष 1994 में परिवार नियोजन पर दिए गए पट्टे पर कब्जा दिलाने की मांग/शिकायत पर उपजिलाधिकारी ऋषिकेश को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिया गया। इसी प्रकार के अन्य मामलों पर भी जिलाधिकारी ने कार्रवाई के त्वरित निर्देश दिए।
सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. एस.के बरनवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्र, अपर मुख्य नगर अधिकारी नगर निगम जगदीश लाल, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप जिलाधिकारी नरेश चन्द दुर्गापाल, विशेष भूमि अध्यापति अधिकारी केएस नेगी, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण आरसी तिवारी, तहसीलदार सदर सोहन सिंह रागंड समेत तमाम अधिकारी उपस्थित थे।