विद्युत विभाग समाधान शिविरों के माध्यम से सुलझा रहा है जन समस्याएं : अनिल कुमार

Share

30HREG116 विद्युत विभाग समाधान शिविरों के माध्यम से सुलझा रहा है जन समस्याएं : अनिल कुमार

देहरादून, 30 जनवरी (हि.स.)। विद्युत समस्या समाधान शिविर में आम आदमी की समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान हो रहा है। अब तक 14 सौ से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया है। अधिकांश समस्याओं में बिजली के बिलों में गड़बड़ी, खराब मीटर, लो वोल्टेज आदि की हैं।

सोमवार को जानकारी देते हुए विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मंत्र के मद्देनजर प्रदेश में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान को “विद्युत समस्या समाधान शिविर” लगाया किया गया, जिसमें जेई से लेकर चीफ इंजीनियर रैंक के अधिकारी कैंपों में मौजूद रहकर उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता पर हल कर रहे हैं। अब तक इन कैम्पों में कुल 2505 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1438 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है।

गौरतलब है कि 23 जनवरी से पूरे प्रदेश में विद्युत समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक विकास खण्ड में कम से कम 7-8 कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। कैम्पों में बिजली के बिलों में गड़बड़ी, खराब मीटर, लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर आदि शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जा रहा है। अहम बात यह कि विकासखण्ड स्तर पर आयोजित किए जा रहे इन कैंपों की सीधी मॉनिटरिंग ऊर्जा भवन देहरादून से की जा रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो और उपभोक्ताओं की समस्याएं भी समय रहते हल हों। इसके लिए मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को खुद जनता के दरवाजे पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।

यूपीएसीएल के एमडी अनिल कुमार ने बताया कि डिस्कॉम की ओर से राज्यों को लेकर जारी की गई कंस्यूमर सर्विस रेटिंग में यूपीएसीएल को बी-प्लस रेटिंग के साथ पहला स्थान मिला है। इसके अलावा डिसकॉम की ही 10 वीं इंटीग्रेटेड रेटिंग में निगम को बी रेटिंग मिली है। इसके अलावा उत्तराखंड देश में सबसे बिना सब्सिडी दिए कम दरों पर बिजली उपलब्ध कराने वाले राज्यों में शामिल है। वहीं, सरकारी विभागों की 188 करोड़ की देनदारी के सापेक्ष कुल 162 करोड़ की प्राप्ति हासिल की गई है।