विद्यालय खेल ”दक्ष” के खो-खो में बेगूसराय और कबड्डी में मटिहानी का दिखा जलवा

Share

29HSPO8 विद्यालय खेल ”दक्ष” के खो-खो में बेगूसराय और कबड्डी में मटिहानी का दिखा जलवा

बेगूसराय, 29 जनवरी (हि.स.)। बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा बेगूसराय जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में खेल विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल ”दक्ष” प्रतियोगिता के तहत रविवार को गांधी स्टेडियम में वॉलीबॉल (बालिका), खो-खो तथा कबड्डी (बालक) वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित की गई।दीप प्रज्जवलित करने के बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर दूसरे दिन की प्रतियोगिता का उद्घाटन नव निर्वाचित मेयर पिंकी देवी ने किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने जीवन में खेल को अनिवार्य अंग बनाना चाहिए। आज पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी अथाह अवसर मिल रहे हैं, सरकार बच्चियों को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयासरत है। बेगूसराय नगर निगम खिलाड़ियों के हर कदम पर साथ खड़ी मिलेगी।

इस अवसर पर पूर्व मेयर संजय कुमार ने कहा कि खेल तन मन को स्वस्थ रखने का सबसे बड़ा साधन है। खेलों में ग्लैमर के साथ अब नौकरी भी मिल रही है। खिलाड़ी मनोयोग से प्रयास करें तो सफलता अवश्य मिलेगी। खेल विभाग निरंतर नए खेलों को जोड़कर युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी भुवन कुमार ने कहा कि बेगूसराय की धरती खेलों के क्षेत्र में ऊर्जावान क्षेत्र है। यहां निरंतर खिलाड़ी अपनी मेहनत से मुकाम पा रहे हैं। बेगूसराय जिला खेल के क्षेत्र में बिहार के अव्वल जिलों में एक है। इसके लिए जिला प्रशासन तथा जिले के नागरिक भी हमेशा खिलाड़ियों के लिए तत्पर रहते हैं। एसएनएनआर कॉलेज चमथा के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह अमर ने कहा कि खेल विभाग निरंतर जिले में खेल की गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को अवसर प्रदान कर रहा है। खिलाड़ियों के खेल को देखकर निरंतर जूझने एवं आगे बढ़ने की सीख मिलती है।

उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर लक्ष्य प्राप्ति हेतु खेल भावना से खेलने की सीख दी। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक दिलीप चौधरी, प्रबंधक सरोज कुमार, ताइक्वांडो संघ के जिला सचिव नंदू कुमार, जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक रणधीर कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया भारद्वाज, रोशन कुमार, कबड्डी कोच पिंकी कुमारी, वॉलीबॉल कोच अनिल कुमार एवं चिरंजीव ठाकुर सहित अन्य उपस्थित थे।

जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने बताया कि खो-खो (बालक) के अंडर-14 में बेगूसराय विनर एवं मटिहानी रनर तथा अंडर-17 में वीरपुर की टीम विनर एवं बेगूसराय की टीम रनर रही। कबड्डी (बालक) अंडर-14 में वीरपुर ने चेरिया बरियारपुर को तथा मटिहानी ने मंसूरचक को हराकर फाइनल में जगह बनाया। अंडर-17 में मटिहानी ने बरौनी को तथा तेघड़ा ने शाम्हो को हराकर फाइनल में जगह बनाया। दोनों का फाइनल भी 31 जनवरी को खेला जाएगा। सोमवार को एथलेटिक्स (बालिका) की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।