29HREG107 निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता राष्ट्र उत्थान में सहायक
मथुरा, 29 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन एवं ब्रज प्रेस क्लब वृंदावन नगर इकाई द्वारा रमणरेती मार्ग स्थित वृंदावन शोध संस्थान के सभागार में रविवार दोपहर ब्रज का बदलता स्वरूप और पत्रकारिता की चुनौतियां विषयक संगोष्ठी एवं नववर्ष पंचांग विमोचन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
विशिष्ट अतिथि संस्थान के उपनिदेशक डॉ एस पी सिंह ने कहा कि ब्रज के बदलते स्वरूप के साथ आधुनिक परिवेश को लोगों के समक्ष सहजता और सरलता के साथ प्रस्तुत करने का दायित्व पत्रकारों के कंधे पर ही है। प्राचीनता और आधुनिकता के बीच समन्वय बनाने का काम पत्रकार जगत ही कर सकता है।
शिक्षाविद चंद्रलाल शर्मा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारिता करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, इसमें कोई दो राय नहीं है।
मुख्य अतिथि उपजा के प्रदेश उपाध्यक्ष व एनयूजेआई के राष्ट्रीय सचिव कमलकांत उपमन्यु ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण होती है। इस नाते पत्रकारिता का सदैव निष्पक्ष और उज्जवल होना बहुत मायने रखता है। हम निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से ही राष्ट्र व समाज उत्थान में सहायक हो सकते हैं। इससे पूर्व नवीन चौधरी एडवोकेट के सहयोग से बने उपजा के नववर्ष पंचांग 2023 का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।
ये रहे मौजूद
संगोष्ठी में महेश खंडेलवाल, चन्द्र प्रताप सिकरवार, सत्यभान शर्मा, नवीनचंद्र गोस्वामी, अमर बिहारी पाठक, सतीश चंद्र पाराशर, सुभाष गौड़, सुधीर शुक्ला, महेशचन्द्र भारद्वाज, रमेशचंद्र विधि शास्त्री, डॉ देव प्रकाश शर्मा, चंद्र नारायण गौड़, चैतन्य शर्मा, मयंक गोस्वामी, डॉ. राजेश शर्मा, मुकेश कृष्ण शर्मा, जितेंद्र कुमार गौतम, पवन ठाकुर आदि उपस्थित थे।