पवित्र गंगाजल भरकर महापौर ने मॉरिशस से आये दल को किया रवाना

Share

29HREG64 पवित्र गंगाजल भरकर महापौर ने मॉरिशस से आये दल को किया रवाना

-महाशिवरात्रि के पर्व पर मॉरिशस के शिव मंदिरों में तीर्थ नगरी के गंगाजल से होगा अभिषेक

ऋषिकेश, 29 जनवरी (हि.स.)। मॉरिशस से तीर्थाटन के लिए देवभूमि आये दल को महापौर ने गंगा तट त्रिवेणी घाट पर पतित पावनी मां गंगा का जल भरकर रवाना किया।

उल्लेखनीय है कि करोड़ों देशवासियों की आस्था का प्रतीक माने जाने जाने वाली गंगा मैया के पवित्र जल से मारिशस के 350 शिवालयों में महाशिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक किया जाना है। मंगल महादेव फाउंडेशन के अध्यक्ष बिशन मगरू और पोर्ट लुईस मॉरिशस के आग्रह पर भगत राम शर्मा, राजेश वत्स और एसके शर्मा के निर्देश पर 1200 पात्रों में गंगा जल भिजवाया गया।

शक्ति लीगल कंप्लाइन्स इंडिया के अंतर्गत हुए कार्यक्रम में रविवार की दोपहर नगर की हृदयस्थली त्रिवेणी घाट पर महापौर अनिता ममगांई ने गंगाजल भरकर मॉरिशस से आये दल को रवाना करते हुए कहा कि भारत के संतों ने ”वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना प्रबल कर के समूचे विश्व को एक सूत्र में पिरोया है। गौरव की बात है कि विदेशी नागरिक भी साक्षात देवी स्वरूप माने जाने वाली मां गंगा का महत्व समझने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि अतिथि देवो भव महान भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रही है। गंगा का ये पवित्र जल मॉरिशस के मंदिरों में अभिषेक के बाद वहां के लोगों का कल्याण करे यही उनकी शुभकामनाएं हैं।

इस अवसर पर पार्षद रीना शर्मा, चेतन शर्मा, विवेक गोस्वामी,ऋतिक शर्मा, घनश्याम झा,महेंद्र, राजेश, मनोज,अमित,महेश, संजय विजय आदि मौजूद रहे।