प्रदर्शनी में भारत के इतिहास की मिल रही जानकारी : मेयर सुनील

Share

28HREG215 प्रदर्शनी में भारत के इतिहास की मिल रही जानकारी : मेयर सुनील

-“गणतंत्र नमन” कार्यक्रम के तीसरे दिन प्रश्नोत्तरी और चित्रकला का आयोजन

देहरादून, 28 जनवरी (हि.स.)। “गणतंत्र नमन” कार्यक्रम के तहत छह दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के तीसरे दिन शनिवार को रेंजर्स ग्राउंड में प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस दौरान मेयर ने कहा कि प्रदर्शनी में भारत के आजाद होने तक की पूरी यात्रा को दर्शाया गया है। उत्तराखंड और कर्नाटक के सांस्कृतिक दलों की ओर से हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना प्रसारण मंत्रालय, देहरादून की ओर से छह दिवसीय प्रदर्शनी का रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित हुई है। शनिवार को बतौर मुख्य अतिथि मेयर सुनील उनियाल गामा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभाग की सहायक निदेशक डॉ.संतोष आशीष व धर्मपाल की ओर से मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

मेयर ने स्कूली छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनको परीक्षाओं को एक खेल की तरह लेना चाहिए। परीक्षाओं से भयभीत नहीं होना चाहिए। भारत की बढ़ती क्षमता का परिणाम है कि जी-20 की अध्यक्षता मौका मिला है। यह देश के हर नागरिक के लिए गौरव की बात है।

केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से लगाई जा रही इस चित्र प्रदर्शनी में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश की आजादी की पहली लड़ाई से प्रारंभ होकर देश के आजाद होने तक की पूरी यात्रा को दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत उत्तराखंड के सह-राज्य कर्नाटक की संस्कृति एवं सभ्यता को भी चित्र प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।

कार्यक्रम में गांधी इंटर कॉलेज एवं सी.एन.आई. इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं के मध्य प्रश्नोत्तरी व चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि की ओर से प्रथम स्थान सारिका राणा,दूसरा स्थान मिहिर रावत व तीसरा स्थान विदुषी जोशी सहित सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह व विभागीय प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभागीय कलाकारों व विभागीय पंजीकृत दलों की ओर से रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

विभाग की सहायक निदेशक डॉ. संतोष आशीष की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से उक्त चित्र प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए आह्वान किया गया, जिससे लोगों को देश की स्वतंत्रता एवं भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभप्रद योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके।

कार्यक्रम 26 जनवरी से प्रारंभ हुआ है तो 31 जनवरी तक चलेगा। हर दिन मुख्य मंच पर उत्तराखंड एवं कर्नाटक के सांस्कृतिक दलों की ओर से प्रस्तुती दी जाती है। चित्र प्रदर्शनी में भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही आत्मनिर्भर भारत संबंधी योजनाओं को भी दर्शाया गया है।

इस अभियान के तहत केवीआईसी की ओर से लगभग 40 स्टॉल्स में प्रदेश की मुख्य उत्पादकता को दर्शाया गया है। इसके साथ ही एमएसएमई की ओर से आत्मनिर्भर भारत व स्टार्टअप इंडिया से संबंधित लगभग 30 स्टॉल्स के साथ मतदाता जागरूकता और जी-20 की अध्यक्षता को भी इस चित्र प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।