27HREG113 अधिकारियों की सख्ती पर पुलिस ने राइडर की जगह दूसरे को किया गिरफ्तार
– सड़क पर स्टंटबाजी कर रहे राइडर का वीडियो हुआ वायरल, अधिकारियों ने लिया संज्ञान
कानपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। हुड़दंग करते हुए आए दिन लड़के सड़कों पर स्टंटबाजी करते हैं और पुलिस कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। ऐसा ही मामला गणतंत्र दिवस पर सामने आया जब एक राइडर गंगा बैराज पर स्टंटबाजी कर रहा था। किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया तो अधिकारियों ने संज्ञान लिया। अधिकारियों की सख्ती पर पुलिस ने राइडर की जगह दूसरे को गिरफ्तार कर लिया। इस पर फिर संयुक्त पुलिस आयुक्त ने थाना पुलिस की क्लास लगाई है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जहां शहरवासी देशभक्ति के गीतों में मस्त रहे तो वहीं स्टंटबाजों की जगह बन चुकी गंगा बैराज पर एक राइडर बीच सड़क पर स्टंटबाजी कर रहा था। जिस जगह पर स्टंटबाजी हो रही थी उससे सौ मीटर दूर पुलिस चौकी भी है, लेकिन पुलिस ने उस ओर ध्यान ही नहीं दिया। यही नहीं स्टंटबाजी के दौरान अन्य वाहन सवार सहमे हुए थे और एक लोग का पैर भी टूट गया। इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वायरल हो रहे वीडियो को देर रात संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने संज्ञान ले लिया और नवाबगंज थाना पुलिस को निर्देशित किया कि राइडर को फौरन पकड़ा जाये। इस पर नवाबगंज पुलिस और कोहना पुलिस आपस में सीमा विवाद में घंटो उलझी रही, आखिरकार नवाबगंज पुलिस ने शुक्रवार को जाजमऊ निवासी तारिक को गिरफ्तार कर चालान करते हुए मामले को इतिश्री करने का प्रयास किया। लेकिन मामला फिर तूल पकड़ लिया क्योंकि वीडियो में जो राइडर स्टंटबाजी कर रहा है वह हरे रंग की आर15 बाइक है और पुलिस ने जिसका चालान किया उसकी बाइक काले रंग की पल्सर 125 सीसी यूपी-32 एलडी-7645 है।
इस पर पत्रकारों ने फिर संयुक्त पुलिस आयुक्त से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि नवाबगंज थाना प्रभारी से वार्ता की जाएगी। इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी लोग सड़कों पर स्टंटबाजी करेंगे उनके खिलाफ यातायात नियमों के अलावा शांतिभंग के आरोप में 151 के तहत भी चालान किया जाएगा।