चमोली जिले में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

Share

26HREG137 चमोली जिले में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

गोपेश्वर, 26 जनवरी (हि.स.)। चमोली जिले में 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी सरकारी, अर्ध सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में झंडा फहराया गया। इससे पूर्व शिक्षण संस्थानों की ओर से प्रभात फेरी भी निकाली गई।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने झंडा फहराकर कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश के संविधान को आत्मार्पित करने की शपथ दिलाई। उन्होंने अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करने तथा मिलजुल कर टीम भावना से कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि हम सिस्टम में हैं, हमको मौका मिला है लोगों के लिए काम करने का, उनको सहयोग करने का, अपने काम की महत्ता को समझें, आपको सिर्फ अपना काम अच्छे से करना है। उससे हम काफी लोगों की मदद कर सकते हैं जो अच्छा कर रहे हैं हमें उनसे सीखना चाहिए।

इसके अलावा पुलिस मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में भी जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभांरभ किया। परेड कमांडर नताशा सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं एनसीसी जवानों की टुकड़ियों ने पुलिस बैंड के साथ मुख्य अतिथि को सलामी दी। कृषि, पशुपालन, ग्राम्य विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला आयुर्वेदिक विभाग जड़ी बूटी शोध संस्थान, रेशम विभाग, उद्यान विभाग, शहरी विकास विभाग, डेयरी विभाग की विकासपरक झांकियां भी खासा आकर्षण का केन्द्र रहीं। स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।