राजगढ़ः विहिप बजरंग दल ने पठान फिल्म का विरोध कर जलाए पोस्टर

Share

25HREG326 राजगढ़ः विहिप बजरंग दल ने पठान फिल्म का विरोध कर जलाए पोस्टर

राजगढ़, 25 जनवरी (हि.स.)। जिले के ब्यावरा, पचोर सहित सारंगपुर शहर में शाहरुख खान की फिल्म पठान का बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद बजरंगदल ने सिनेमाघरों के सामने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया, कार्यकर्ताओं ने विरोध के दौरान जय जय श्रीराम के नारे लगाए और बैनर-पोस्टरों को जलाया, वहीं सारंगपुर में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान सिनेमाघर के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया।

शाहरुख खान की फिल्म पठान को देखने के लिए जहां दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर विहिप बजरंगदल सहित हिन्दू संगठनों ने फिल्म के प्रदर्शन का विरोध करते हुए ब्यावरा शहर के पुनीत, विवेक और एमएसएम सिनेमाघर के सामने प्रदर्शन किया, कार्यकर्ताओं ने जय जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए पोस्टरों को फाड़ा और आग लगाई। विहिप बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे है, बावजूद इसके पठान फिल्म का प्रदर्शन किया गया तो कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं पचोर शहर में गायत्री सिनेमाघर के सामने एकत्रित कार्यकर्ता ने विरोध प्रदर्शन कर चल रहे शो को बंद कराया और आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। सारंगपुर में विहिप बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने पठान फिल्म के विरोध प्रदर्शन के दौरान सिनेमाघर के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया।