राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर, 6 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

Share

जयपुर, 18 अक्टूबर । राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ने के बावजूद मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के छह जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को जयपुर, भीलवाड़ा, राजसमंद और सिरोही सहित कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। बादल छाने, कमजोर धूप और हवा चलने से दिन के तापमान में नरमी रही तथा हल्की ठंडक महसूस की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार रविवार को करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा और बारां जिलों में बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का असर सीमित रहने की संभावना है।

शनिवार को राजधानी जयपुर में दिनभर मौसम साफ रहने के बाद देर शाम कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। यहां अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं, बाड़मेर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अब भी तापमान 37 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम साफ होने, धूप तेज होने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।