भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे वाराणसी, एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने की अगवानी

Share

19HREG434 भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे वाराणसी, एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने की अगवानी

-प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और नेताओं ने किया स्वागत

वाराणसी, 19 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार शाम वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी सहित अन्य नेताओं ने अगवानी की। एयरपोर्ट से भाजपा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और अन्य नेता वाहनों के काफिले में सर्किट हाउस रवाना हो गये।

दो दिवसीय दौरे पर आये भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम वाराणसी में करेंगे। अगले दिन 20 जनवरी शुक्रवार को जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10 बजे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। इसके बाद पूर्वांह 11 बजे पुलिस लाइन से गाजीपुर हेलिकॉप्टर से रवाना होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री गाजीपुर के पौहारी बाबा आश्रम में दर्शन पूजन के बाद वहां आयोजित बूथ समिति की बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 12.25 बजे गाजीपुर के बंसी बाजार स्थित नंद रेसीडेंसी, में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कर उनका सम्मान करेंगे। यहां से राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री दोपहर 1.30 बजे आईटीआई मैदान, गाजीपुर में होने वाली जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद गाजीपुर से मुख्यमंत्री और जेपी नड्डा बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

-कार्यकाल विस्तार के बाद वाराणसी पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल विस्तार के बाद पहली बार वाराणसी आने पर जेपी नड्डा का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। बाबतपुर एयरपोर्ट से नदेसर मिंट हाउस तक ढोल नगाड़े के साथ कार्यकर्ता पुष्प वर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते रहे। स्वागत के लिए जगह जगह स्वागत प्वाइंट बना था।