19HREG437 आप ने नाली, सड़क, सीवर की खराब व्यवस्था पर किया धरना प्रदर्शन
लखनऊ, 19 जनवरी (हि.स.)। जनपद के इंदिरा प्रदर्शनी वार्ड के चांदन गांव में सीवर की समस्या से लोग पिछले छह महीने से परेशान हैं। क्षेत्रीय लोगों की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को धरना प्रदर्शन किया।
आप कार्यकर्ता सईद सिद्दीकी और आलोक के नेतृत्व में चल रहे धरना प्रदर्शन में आज उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह, निकाय चुनाव अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी पहुंचे। इस दौरान जनता को सम्बोधित करते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि नाली, सीवर गड्ढे, बिजली, पानी यह सब आम जनता की बड़ी समस्याएं हैं, उनके निवारण के लिए लंबा समय लेना क्षेत्र के वर्तमान भाजपा सांसद, विधायक की लापरवाही को दर्शाता है। इन समस्याओं से स्थानीय निवासियों का दैनिक जीवन प्रभावित होता है।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की पहचान बिजली, पानी, चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क में सुधार लाकर जनता को राहत पहुंचाना है। कहा कि अरविंद केजरीवाल ने आप के आदर्शों और सिद्धांतों को साबित करके दिखाया है। उन्होंने दिल्ली, पंजाब में बिजली का बिल हो, चिकित्सा हो, शिक्षा हो सब में सकारात्मक संशोधन करके जनता को लाभ पहुंचाया है, जबकि भाजपा का उद्देश्य कभी भी जनता के हित में सार्थक कदम उठाने का नहीं रहा सिर्फ जुमले बाजी करने का रहा है।