10HREG101 भोपाल : मुख्यमंत्री चौहान ने दत्तोपंत जी ठेंगड़ी की जयंती पर किया नमन
भोपाल, 10 नवम्बर (हि.स.) । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को दत्तोपंत जी ठेंगड़ी की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि “भारतीय मजदूर संघ, स्वदेशी जागरण मंच, भारतीय किसान संघ के संस्थापक, श्रद्धेय स्व.दत्तोपंत ठेंगड़ी जी की जयंती पर कोटिश: नमन् करता हूं! किसानों और असमर्थों के उत्थान के माध्यम से राष्ट्र की उन्नति के लिए आपने जो अद्वितीय कार्य किये हैं, उसके लिए यह पावन भूमि सदैव आपकी ऋणी रहेगी।”
उल्लेखनीय है कि दत्तोपन्त जी ठेंगड़ी राष्ट्रवादी विचारधारा के ट्रेड यूनियन नेता, भारतीय मजदूर संघ, स्वदेशी जागरण मंच और भारतीय किसान संघ के संस्थापक थे। ठेंगड़ी का जन्म 10 नवम्बर 1920 को महाराष्ट्र के वर्धा जिले के आर्वी ग्राम में हुआ। उन्होंने लगभग 200 से अधिक पुस्तकें लिखी और सैकड़ों प्रतिवेदन प्रकाशित किये। उनके आलेख पत्र–पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे।
ठेंगड़ी जी ने अनेक अवसरों पर मध्यप्रदेश और विशेष रूप से भोपाल का प्रवास किया। भोपाल में डिपो चौराहे के निकट ठेंगड़ी भवन उनकी स्मृति का प्रतीक है। पुणे में दत्तोपंत जी ठेंगड़ी का 14 अक्टूबर 2004 को महानिर्वाण हुआ। उनके विचार, वर्षों तक देश भक्तों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।