सिख समाजजनों ने खालसा कॉलेज में अरदास कर किया धरती का शुद्धीकरण

Share

09HREG529 सिख समाजजनों ने खालसा कॉलेज में अरदास कर किया धरती का शुद्धीकरण

– पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सत्कार को लेकर दर्ज कराई गई थी आपत्ति

– कीर्तनकार कानपुरी ने भी जताई थी नाराजगी

इंदौर, 9 नवंबर (हि.स.)। श्री गुरुनानक देव जी की जयंती के अवसर पर खालसा कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को बुलाकर उनका सत्कार किए जाने को लेकर सिख समाज के लोगों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। समाज के लोग बुधवार को एकत्रित होकर खालसा कॉलेज पहुंचे और वहां पर अरदास कर वाहेगुरु से गुरु सिंह सभा के सदस्यों को सद्बुद्धि प्रदान करने की अरदास की, उसके पश्चात दूध एवं तखत श्री दरबार साहिब जी अमृतसर के सरोवर से लाए गए जल से धरती को पवित्र किया।

इस अवसर पर ऋषि सिंह खनूजा, मनी भाटिया, हरप्रीत कौर लूथरा , गुरजीत कौर खनूजा, गुरवीन छाबड़ा, परमीत छाबड़ा, मनदीप सिंह छाबड़ा,प्रीतम सिंह लूथरा,सतनाम सिंह खनूजा,अजीत सिंह टुटेजा, एवं अन्य समाज जन उपस्थित रहे।

दरअसल, कमलनाथ मंगलवार को गुरुनानक देव जी की जयंती पर खालसा कालेज में आयोजित कीर्तन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान आयोजकों द्वारा उनका सत्कार किया गया था। सिख समाज के लोगों का कहना है कि कमलनाथ 1984 के सिख विरोधी दंगों के आरोपित हैं। इसी को लेकर उन्होंने कमलनाथ के सत्कार का विरोध जताते हुए नाराजगी व्यक्त की।